-आवेदक ऋषि जिंदल ने शिकायत में कहा था कि कुछ रेस्तरां आवासीय क्षेत्रों में संचालित हो रहे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने आवासीय क्षेत्रों में संचालित रेस्तरां से होने वाले प्रदूषण के मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) को जांच के निर्देश दिए हैं। आवेदक ऋषि जिंदल ने शिकायत में कहा था कि कुछ रेस्तरां आवासीय क्षेत्रों में संचालित हो रहे हैं। उनकी चिमनियां निर्धारित पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप नहीं हैं। आसपास के लोगों को धुआं, वायु प्रदूषण और शोर प्रदूषण जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। एनजीटी अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव और विशेषज्ञ सदस्य डॉ. अफरोज अहमद की पीठ ने कहा कि डीपीसीसी को स्थल निरीक्षण कर शिकायत की जांच करने का निर्देश दिया है। अधिकरण ने कहा कि यदि जांच में पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित रेस्तरां के खिलाफ कानून के अनुसार आवश्यक सुधारात्मक और दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही, पूरी प्रक्रिया प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन करते हुए जल्द पूरी की जाए।