-यूजी और पीजी में दाखिला लेने वालों की कक्षाएं होंगी शुरू
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में चार अगस्त से नए सत्र की शुरुआत होगी। नए सत्र में यूजी और पीजी पाठ्यक्रम में दाखिला लेने वाले छात्रों की कक्षाएं सोमवार से शुरू हो जाएंगी। इसको लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। नए छात्रों के स्वागत के लिए शिक्षक उत्साहित हैं। वहीं जेएनयू छात्र संघ के संयुक्त सचिव वैभव मीणा ने कहा कि जेएनयू के सभी 12 स्कूलों में पहले दिन ओरिएंटेशन डे का आयोजन होता है। नए छात्रों का विश्वविद्यालय में स्वागत है। प्रशासन ने नए सत्र में पीजी में दाखिला लेने वाली छात्राओं के हॉस्टल की सूची जारी कर दी है। यूजी की सूची अब तक जारी नहीं की गई है। वहीं जेएनयू के स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 को लेकर पीएचडी छात्रों के लिए डॉक्टरेट रिसर्च कार्य के लिए विदेश में फील्ड ट्रिप के संबंध में आवेदन जमा करने की तारीख को बढ़ा दिया है। इच्छुक छात्र सात अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। ब्यूरो