संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। जिले के सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा तक पढ़ने वाले करीब 40 हजार विद्यार्थियों के लिए जुलाई माह का मिड-डे मील मेन्यू जारी कर दिया गया है। इस बार मेन्यू में बच्चों को स्वाद के साथ संतुलित पोषण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है। शिक्षा विभाग ने सप्ताह के प्रत्येक दिन अलग-अलग पौष्टिक व्यंजन शामिल किए हैं, ताकि विद्यार्थियों को आवश्यक पोषक तत्व मिल सकें और भोजन में विविधता बनी रहे। मेन्यू में राजमा-चावल, कढ़ी-पकोड़ा चावल, गुड़-रोटी के साथ दही, सोया खिचड़ी, मीठा दलिया, चना-चावल, चना दाल खिचड़ी और मिस्सी रोटी जैसे व्यंजन शामिल किए गए हैं। विभाग के अनुसार इससे बच्चों को प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम, फाइबर समेत अन्य जरूरी पोषक तत्व मिलेंगे, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत ने बताया कि सभी विद्यालयों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन परोसने के निर्देश दिए गए हैं।