नई दिल्ली।
दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि नई ईवी पॉलिसी से 3-7 वर्षों में दिल्ली की हवा साफ होगी। इस पॉलिसी के तहत एक जनवरी से राजधानी में सिर्फ ई-ऑटो के रजिस्ट्रेशन की अनुमति होगी। सचदेवा ने बताया कि नई पॉलिसी के तहत निजी और कॉमर्शियल दोनों तरह के वाहनों को इलेक्ट्रिक में बदलने के लिए प्रोत्साहन दिया गया है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के रजिस्ट्रेशन फीस और रोड टैक्स में छूट से लोग ई-वाहन अपनाने के लिए आगे आएंगे। वहीं, कॉमर्शियल वाहनों को भी टैक्स में राहत देकर बदलाव को बढ़ावा दिया गया है। अब दिल्ली सरकार अपने इस्तेमाल के लिए सिर्फ इलेक्ट्रिक वाहन ही खरीदेगी। इसके अलावा पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बसें और एन1 श्रेणी के ट्रक भी पूरी तरह इलेक्ट्रिक किए जाएंगे। इन कदमों से दो वर्षों में ही वाहन प्रदूषण में 10 प्रतिशत से ज्यादा की कमी आ सकती है। ब्यूरो