नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर और गांधी नगर में पार्किंग की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने पुराने सीलमपुर में ट्रंक ड्रेन नंबर-1 के ऊपर कार पार्किंग बनाने का टेंडर जारी किया है। यह पार्किंग ब्रिज के पास गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र में बनेगी। यहां संकरी गलियां, बाजार और बढ़ते वाहनों की वजह से पार्किंग मिलना मुश्किल है। इलाके में शाम के समय ट्रैफिक जाम होना और विवाद होना आम बात है। दिल्ली में 75 लाख से ज्यादा वाहन हैं, जिससे पार्किंग संकट हर इलाके में गहरा गया है। इस एलिवेटेड पार्किंग से अतिरिक्त स्थान मिलेगा, ड्रेनेज मजबूत होगा और जल भराव की समस्या भी कम होगी। अधिकारियों ने बताया कि इस काम की अनुमानित लागत 17.26 लाख रुपये है। यह परियोजना दिल्ली सरकार की शहरी विकास और ट्रैफिक सुधार योजना का हिस्सा है। इससे सड़कें खाली होंगी, ट्रैफिक फ्लो बेहतर होगा और स्थानीय जीवन आसान बनेगा। संवाद