नई दिल्ली क्षेत्र की दृश्य पहचान और स्थापत्य सौंदर्य को बढ़ाने के उद्देश्य से नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) तालकटोरा गोल चक्कर पर एक भव्य घंटा-घर का निर्माण करेगी।
इस परियोजना को दिल्ली शहरी कला आयोग (डीयूएसी) से स्वीकृति मिल चुकी है। इससे लुटियन्स दिल्ली को एक विशिष्ट पहचान मिलेगी। यह घंटा-घर लगभग 27 मीटर ऊंचा होगा और इसमें दो मीटर व्यास की घड़ी लगी होगी। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि यह संरचना अष्टकोणीय डिजाइन में होगी, जिसे आरसीसी (रिइनफोर्स्ड सीमेंट कंक्रीट) से निर्मित किया जाएगा और मिट्टी की ईंटों की परत से सजाया जाएगा।
इसके चारों ओर ग्रेनाइट, स्टील रेलिंग और संगमरमर की सजावट की जाएगी। इस परियोजना की अनुमानित लागत 1.3 करोड़ रुपये है और निर्माण कार्य दिसंबर 2025 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन-47 और शहरों के सौंदर्यीकरण, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की प्रेरणा से संचालित है। यह स्थापत्य राष्ट्रीय गौरव, सांस्कृतिक पहचान और शहरी सुंदरता का प्रतीक भी बनेगा।