संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के धाराशिव जिले स्थित भाई उद्धवव पाटील शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था के शिल्प निदेशक किरण प्रकाश झरकर को इस वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। शिक्षक दिवस के अवसर पर पांच सितंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उन्हें पुरस्कार देंगी। झरकर पिछले 17 वर्षों से व्यावसायिक प्रशिक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और व्यावहारिक कौशल से जोड़ने के लिए कई नवाचार किए हैं। उनकी स्किल बुक कंप्यूटर प्रणाली में कोपा ट्रेड की अध्ययन सामग्री, वीडियो, बहुविकल्पीय प्रश्न और प्रश्नपत्र एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध हैं। इस नवाचार को भारत सरकार से पेटेंट भी मिला है। इसके अलावा उन्होंने विद्यार्थियों के लिए आधुनिक उपकरणों से युक्त कोपा प्रयोगशाला विकसित कराने में योगदान दिया। उनके नाम 16 पुस्तकें और तीन शोध लेख भी प्रकाशित हैं। खेल, वृक्षारोपण, स्वच्छता और नशामुक्ति जैसे सामाजिक अभियानों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।