राजधानी से मानसून की विदाई की बेला करीब आ गई है। लंबे समय से चल रहा बारिश का दौर अब थम गया है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में मानसून की गतिविधियां कमजोर है। ऐसे में अच्छी बारिश की संभावना बेहद कम है। पांच अक्तूबर तक आसमान साफ रहेगा। ऐसे में माना जा रहा है कि मानसून कुछ दिनों में विदा हो जाएगा। सोमवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य सामान्य से एक कम 34.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो अधिक 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानक वेधशाला सफदरजंग के अनुसार सबसे अधिक तापमान लोदी रोड इलाके का रहा। यहां 34.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। वहीं, रिज में न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
सितंबर माह में 57 फीसदी अधिक बारिश हुई दर्ज
दिल्ली में इस मानसून में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सितंबर माह में सामान्य से 57 फीसदी अधिक बरसात हुई। इस मानसून सीजन में एक जून से अब तक कुल 1029.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। यह सामान्य से 61 फीसदी अधिक है।