25 दिनों में ठीक हो गया दिल्ली में मंकीपॉक्स का पहला मरीज
राजधानी दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में भर्ती पहले मंकीपॉक्स संक्रमित मरीज को आज छुट्टी मिल गई है। अस्पताल के एमडी डॉ. सुरेश कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मरीज पूरी तरह से ठीक है। लोकनायक अस्पताल में भर्ती पहले मंकीपॉक्स संक्रमित मरीज को आज छुट्टी मिल गई है। मरीज की तबीयत ठीक है, उसके शरीर के लाल दाने भी ठीक हो गए हैं। लोकनायक अस्पताल के एमडी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि मंकीपॉक्स का पहला मरीज ठीक हो गया है। उसे छुट्टी दे दी गई है।
राजधानी में तीसरा और देश में आठवां केस
देश में अब तक मंकीपॉक्स के आठ मामले सामने आए हैं। इनमें से पांच मरीजों का विदेश यात्रा का इतिहास है। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मडाविया ने बताया है कि संक्रमण को हराने के लिए नेशनल टास्क फोर्स का गठन किया गया है। उन्होंने बीमारी के प्रसार को रोकने, परीक्षण किट और टीका विकसित करने के लिए उठाए जा रहे विभिन्न कदमों के बारे में जानकारी दी।
मंकीपॉक्स के लिए तीन सरकारी और तीन निजी अस्पतालों में आइसोलेशन रूम आरक्षित
दिल्ली में मंकीपॉक्स के बढ़ते खतरों को देखते हुए केजरीवाल सरकार ने कमर कस ली है। इस संबंध में सरकार ने शहर में तीन सरकारी व तीन निजी अस्पतालों में आइसोलेशन रूम आरक्षित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल में 20 आइसोलेशन रूम, गुरुतेग बहादुर अस्पताल व डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर अस्पताल में 10-10 आइसोलेशन रूम आरक्षित किए गए हैं। निजी अस्पतालों में कैलाश दीपक अस्पताल, एमडी सिटी अस्पताल व बत्रा हॉस्पिटल तुगलकाबाद में भी 10-10 आइसोलेशन रूम की व्यवस्था की गई है।
केरल में अब तक मिले पांच संक्रमित
केरल में पिछले महीने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से लौटा 30 वर्षीय एक व्यक्ति मंकीपॉक्स से संक्रमित पाया गया था। जिसके साथ ही राज्य में इस वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या पांच हो गई है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने मंगलवार को कहा कि उक्त व्यक्ति 27 जुलाई को कालीकट हवाई अड्डे पर उतरा था और मलप्पुरम जिले में एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। मंत्री ने कहा कि उसकी हालत स्थिर है। उसके माता-पिता और संपर्क में आए अन्य लोगों पर नजर रखी जा रही है। यह राज्य में मंकीपॉक्स का पांचवां मामला है। मंत्री ने कहा कि मंकीपॉक्स के पहले रोगी को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है और अन्य की हालत स्थिर है।