उत्तर पश्चिम जिले के साइबर सेल ने फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर लड़कियों से उगाही करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक मोबाइल और पांच सिम कार्ड मिले हैं। आरोपी की पहचान बक्कड़वाला निवासी अखिलेश (24) के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर है।
जिला पुलिस उपायुक्त विजय सिंह ने बताया कि मौर्या एंक्लेव थाना इलाके में रहने वाली पीड़िता के पिता ने थाने में शिकायत की। उसने बताया कि अज्ञात शख्स उसकी बेटी का फेसबुक पेज बनाकर उसमें अश्लील फोटो डालकर उससे उगाही कर रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने अखिलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें उसने अपना अपराध कबूल लिया। आरोपी ने बताया कि वह डेढ़ साल से ऐसी हरकत कर रहा है।
दोस्ती करने के बाद लेता था मोबाइल नंबर
फेसबुक पर दोस्ती के बाद हुई शादी
लड़की के नाम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लड़कियों से दोस्ती करता था। दोस्ती करने के बाद वह उनका मोबाइल नंबर ले लेता था। उसके बाद वह उन लड़कियों से मिलने की कोशिश करता था। दोस्ती नहीं करने पर वह उन लड़कियों का फेसबुक पेज बनाकर उस पर अश्लील फोटोग्राफ डाल देता था।
साथ ही उस पेज में लड़कियों का मोबाइल नंबर डालकर उसे बदनाम करने की धमकी देता था। इसके बाद वह लड़कियों को ब्लैकमेल कर उगाही करता था।
जांच के बाद पुलिस ने बताया कि मुलत: मध्य प्रदेश का रहने वाला अखिलेश बचपन में ही अपने चाचा के साथ दिल्ली आ गया। पहले उसने एक फैक्ट्री में नौकरी की। पिछले डेढ़ साल से वह ड्राइवर है।