महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुशीला देवी के अनुसार चांदहट थाना अंतर्गत एक गांव निवासी युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि काफी दिनों से गांव निवासी रवि व पिंटू उससे रास्ते में अश्लील इशारे करते तथा फब्तियां कसते थे। शाम के समय घर की तरफ जा रही थी तो रवि के घर के पास दोनों खड़े थे। दोनों ने छेड़छाड़ की, विरोध करने पर घर के अंदर खींच ले गए और दुष्कर्म का प्रयास करने लगे।
विरोध करने पर मारपीट की, जिसमें उसका दांत टूट गया। शोर मचाने पर उसकी मां पहुंच गई। उसकी मां ने जब विरोध किया तो उसी दौरान बाबूराम, रिंकू, सचिन व राहुल हाथों में फरसा, बल्लम, सरिया व लाठी-डंडा लेकर वहां पहुंच गए। आरोपियों ने उसे व उसकी मां को पीटना शुरू कर दिया। झगड़े का शोर सुनकर गांव के लोग एकत्रित हो गए और उन्हें बचाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।