छावला इलाके में दो भाइयों के साथ मारपीट कर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने पहले एक युवक से मारपीट कर बाइक लूटी और जब उसके भाई ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो बदमाश उसकी भी पिटाई कर मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना के समय छोटा भाई अपने भाई को घर ले जाने के लिए बाइक से आ रहा था। पीड़ित भाइयों की शिकायत पर छावला थाना पुलिस मामला दर्ज कर फरार बदमाशों की तलाश कर रही है।
मोहित अपने भाई दीपक के साथ छावला गांव में रहता है और पेशे से सब्जी विक्रेता है। मोहित ने बताया कि 18 जुलाई की रात 11 बजे वह काम खत्म करने के बाद अपने भाई दीपक को फोन किया। उसने दीपक से कहा कि वह बाइक लेकर गोयला डेयरी आ जाए। वह उसके साथ ही घर जाएगा। दीपक ने उसे फ्लाई ओवर के पास आने के लिए कहा। वह फ्लाई ओवर के पास पहुंचा। वह सामने से अपनी बाइक पर चार युवकों को आते देखा। पास पहुंचने पर उसने युवकों को रोका। युवक बाइक से नीचे उतरकर उसकी पिटाई करने लगे और उससे मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
मोहित वहां से फ्लाई ओवर की दूसरी ओर पहुंचा। उसने अपने भाई दीपक को घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा हुआ देखा। दीपक ने बताया कि चार युवक उसकी पिटाई कर बाइक लेकर भाग गए है। दोनों भाई किसी तरह से पास के अस्पताल पहुंचे। अस्पताल से मिली जानकारी के बाद पुलिस वहां पहुंची, लेकिन दर्द की वजह से दोनों भाई बयान देने की स्थिति में नहीं थे। 20 जुलाई को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद दोनों ने पुलिस को लूटपाट किए जाने की बात कही। पुलिस मारपीट कर लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उनके बताए हुलिए के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।