तभी अचानक वहां एक लड़का पहुंचा और उसने तुरंत गार्ड उदयपाल सिंह के सीने में गोली मार दी। गार्ड वहीं गिर गया। आरोपी ने हवाई फायरिंग कर दोनों कस्टोडियन को डरा दिया। बाद में उनसे कैश वाला बैग लूटकर आरोपी पैदल ही गोली चलाता हुआ फरार हो गया। करीब 5 बजे कैश वैन के चालक ने पुलिस को खबर दी। वहां से गुजर रहे कुछ छात्र बाइक पर बिठाकर उदयपाल को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
खबर मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि वारदात को दो आरोपियों ने अंजाम दिया। घटना स्थल से कुछ दूर आरोपी का दूसरा साथी मौजूद था। वह उसके साथ वहां से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास करीब 20 से अधिक कैमरों की सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ली है। उसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
वहीं, हादसे का शिकार हुआ सुरक्षा गार्ड उदयपाल सिंह मूलरूप से जसराना गांव, फिरोजाबाद यूपी का रहने वाला था। इसका परिवार दिल्ली के अरविंद मोहल्ला, घोंडा, शास्त्री पार्क में रहता था। इसके परिवार में पत्नी सुनीता व अन्य सदस्य हैं। पिछले कई सालों वह एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। कंपनी के गार्ड सीएमएस कंपनी की वैन पर सुरक्षा गार्ड के रूप में रहते हैं। पुलिस वैन के बाकी कर्मचारियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को आशंका रैकी कर दिया गया वारदात को अंजाम
मामले की छानबीन कर रही उत्तरी जिला पुलिस का कहना है कि जिस तरह वारदात को अंजाम दिया गया, उससे लगता है कि रैकी कर वारदात को अंजाम दिया गया। इस बात की पूरी संभावना है कि वारदात को अंजाम दिलवाने में किसी करीबी का हाथ है। बदमाशों को अच्छी तरह पता था कि रोजाना शाम को उसी समय एटीएम में कैश लोड किया जाता है। ऐसा लगता है कि बदमाश शायद वैन का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही वैन वहां पहुंची और कस्टोडियन कैश लेकर निकले वारदात को अंजाम दे दिया गया। पुलिस कैश वैन के चालक और दोनों कस्टोडियन से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।