आरोपियों की पहचान सीलमपुर निवासी मोहम्मद साबिर (22) और मोसैफ उर्फ मुसाफिर (20) के रूप में हुई है। जबकि नाबालिग 17 साल का है। इनके कब्जे से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, दो कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 19 साल का शानू परिवार के साथ गौतमपुरी में रहता है। वह सरकारी स्कूल में आठवीं में पढ़ता है। 20 जनवरी को पुलिस को दिए बयान में शानू ने बताया कि गुरुवार देर रात 11:30 बजे दो लड़कों ने उसके घर के बाहर गोलीबारी की। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली। पुलिस ने तीनों को उनके घरों से पकड़ लिया।
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि वह इंस्टाग्राम पर एक लड़की से चैटिंग करता था। कुछ समय बाद पता चला कि वह जिस लड़की से चैटिंग कर रहा था वह लड़की नहीं बल्कि शानू है। जिससे वह काफी आहत हुआ और शानू को सबक सिखाने का फैसला किया। उसने पिस्टल का इंतजाम करने के बाद अपने दोस्त साबिर के साथ शानू के घर के बाहर पहुंचा और गोलीबारी कर दी। वारदात के बाद पिस्टल को अपने दोस्त मोसैफ उर्फ मुसाफिर को दे दिया। पुलिस ने मोसैफ के घर से पिस्टल और कारतूस बरामद कर लिए। पुलिस ने बताया कि नाबालिग फूल बेचता है जबकि साबिर लेडीज सूट सिलता है। मोसैफ स्नातक की पढ़ाई कर रहा है।