संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
16 वर्षीय किशोरी ने महिला थाना पुलिस की एक अधिकारी पर डराने-धमकाने और परिवार से नहीं मिलने देने का आरोप लगाया है। किशोरी के परिजनों ने उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर दोबारा बयान दर्ज कराने और मेडिकल जांच कराने की मांग की है। शिकायत के अनुसार 13 सितंबर को किशोरी घर से बिना बताए नीरज नामक युवक के साथ चली गई थी। पिता की शिकायत पर कैंप थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। किशोरी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि युवक उसे घूमने के बहाने बिहार ले गया, जहां एक व्यक्ति के घर उसे कई दिनों तक रखा गया और उसके साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया गया। किशोरी का आरोप है कि पलवल लौटने पर पुलिस ने उसे और युवक को हुद्दा चौक से पकड़ा। इसके बाद महिला थाना पुलिस की अधिकारी ने उसे डराया-धमकाया और मेडिकल जांच कराने पर जेल भेजने की बात कही। किशोरी के अनुसार बृहस्पतिवार को उसे उसकी बुआ के सुपुर्द किया गया। इसके बाद उसने परिवार को पूरी घटना बताई। परिजनों ने शिकायत में आरोपी युवक को छोड़े जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।