समाजसेवी अन्ना हजारे के सक्षम किसान, सशक्त लोकपाल और चुनाव सुधार सहित 11 सूत्रीय मांगों पर प्रधानमंत्री कार्यालय में मंत्रियों के बीच चर्चा हुई। इसके बाद मंगलवार देर शाम महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री गिरीश दत्तात्रेय महाजन अन्ना से मिलने रामलीला मैदान पहुंचे। उनके साथ बंद कमरे में दो घंटे से ज्यादा बातचीत की।
मंत्री ने अन्ना के सामने मांगों से जुड़े 15 पेजों का ड्राफ्ट पेश किया। इसमें दिए गए मांगों के ब्योरों पर अन्ना आज (बुधवार) फैसला सुनाएंगे। माना जा रहा है कि ड्राफ्ट उन्हें संतुष्ट कर सका तो बुधवार को वह अनशन खत्म करने का ऐलान कर सकते हैं। अन्ना सत्याग्रह के प्रवक्ता जयकांत मिश्रा ने बताया कि महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री गिरीश दत्तात्रेय महाजन मंगलवार शाम करीब साढ़े 7 बजे रामलीला मैदान पहुंचे। पीएमओ में पूरे दिन मंत्रियों और अधिकारियों के बीच गहन चर्चा के बाद तैयार हुए 15 पेजों के ड्राफ्ट पर उनकी अन्ना से बातचीत हुई।
आराम कक्ष में उन्होंने करीब साढ़े 9 बजे तक ड्राफ्ट में दिए गए मांगों के बारे में अन्ना को समझाया। इस दौरान कक्ष में मंत्री के अलावा अन्य लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई। जयकांत मिश्रा ने कहा कि ड्राफ्ट में सभी मांगों का ब्योरा दिया गया है। अन्ना और सत्याग्रह की कोर कमेटी के सदस्यों की टीम रात में ड्राफ्ट पर मंथन करेंगे। बुधवार को अन्ना सरकार के ड्राफ्ट पर अपनी प्रतिक्रिया देंगे।
दूसरी ओर, मंत्री के साथ हुई बैठक के दौरान रामलीला मैदान में मौजूद समर्थकों में अन्ना के फैसले को लेकर उत्सुकता रही। समर्थकों में इस बात की खुशी थी कि अन्ना के अनशन की ताकत की वजह से सरकार का प्रतिनिधि किसानों की मांगों को पूरा करने का संदेश लेकर रामलीला मैदान पहुंचे। अन्ना के फैसले को लेकर रामलीला मैदान में मौजूद समर्थकों में जिज्ञासा बनी हुई है।