मंगलवार दोपहर 12.30 बजे पुलिस को बसंत तारा लाइन स्थित केंद्रीय केंद्रीय विद्यालय स्कूल के पास सड़क हादसा होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि द्वारका की एक निजी स्कूल की मिनी बस गलत दिशा से आकर खड़ी स्कूली वैन को सामने से टक्कर मारी थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के ड्राइवर की तरफ का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वैन में उस समय करीब एक दर्जन से अधिक छात्र छात्राएं मौजूद थे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर मारने के बाद बस एक पेड़ से टकराकर रुक गई। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। आस पास मौजूद अन्य वैन के चालकों ने घायल बच्चों और चालक को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी को कैंटोनमेंट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां डॉक्टरों ने मामूली रूप से घायल चार छात्रों को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी। हादसे में जख्मी हुए दो छात्रों के हाथ में फैक्चर हो गया। वहीं घायल चालक बलवीर की हालत नाजुक बनी हुई है। उसके शरीर में कई जगह फैक्चर हुए हैं। दिल्ली कैंट पुलिस ने मिनी बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से हादसा होने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मिनी बस और वैन को जब्त कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में दबिश दे रही है।
अस्पताल की ओर भागे परिजन
वैन में टक्कर लगने से घायल हुए एक छात्र के पिता सत्या ने बताया कि उसे अस्पताल से हादसे की जानकारी दी गई। बताया गया कि वैन में मिनी बस ने टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही वह तुरंत अपनी स्कूटी लेकर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अपने बेटे को सही सलामत पाया। उसके पैर में हल्की चोट लगी थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी चालक घटना के समय नशे में था। एक अन्य स्कूल वैन के चालक संजय ने बताया कि घटना के समय वह मौके पर ही था। मिनी बस गलत दिशा से तेज रफ्तार में आई। उस समय बलवीर अपनी वैन में बच्चों को बिठाकर निकलने की तैयारी कर रहा था।