अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण जिला दिल्ली पुलिस ने हिमांशु भाऊ-काला असौदिया गिरोह के एक सदस्य हरियाणा के झज्जर निवासी मनीष उर्फ अजय उर्फ भोला (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी, जो हत्या और डकैती के दो मामलों में भगोड़ा घोषित था। दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने बताया कि उसके पास से एक पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वह बाहरी दिल्ली के मुंडका थाने में 2025 में दर्ज हत्या के एक मामले और 2019 में दर्ज डकैती के एक मामले में वांछित था और दोनों मामलों में उसे भगोड़ा घोषित किया गया था। पुलिस ने बताया कि 27 अक्तूबर की रात गुप्त सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंचार्ज इंस्पेक्टर अनुज कुमार, एएसआई अशोक कुमार व एएसआई पंकज राजोरा की टीम ने दक्षिण दिल्ली के जौनापुर में मंडी रोड स्थित नीम करोली के पास जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ा गया। डीसीपी मित्तल ने बताया कि इस संबंध में फतेहपुर बेरी थाने में 27 अक्तूबर को शस्त्र अधिनियम के तहत अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ हरि नगर थाने में 2021 में मारपीट और बल्लभगढ़ सदर थाने में 2018 में शस्त्र अधिनियम के तहत भी मामले दर्ज हैं। इसके अलावा मुंडका थाने में 2019 में हत्या के प्रयास और लूट से संबंधित एक अन्य मामला भी दर्ज है। पुलिस हथियार के स्रोत और उसके अन्य साथियों के बारे में जांच कर रही है।