ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा:
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। नूंह जिले में तीन अगस्त को आयोजित होने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा की तैयारियों को लेकर रविवार को नगीना गांव स्थित प्राचीन माता मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हुआ। इसमें यात्रा को भव्य, अनुशासित एवं सफल बनाने के लिए रूपरेखा तैयार की गई तथा कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।बैठक में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं प्रबुद्ध लोगों ने जलाभिषेक यात्रा में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि इस धार्मिक यात्रा को लेकर समूचे क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। यात्रा की व्यवस्थाओं, जनसंपर्क अभियान तथा सुरक्षात्मक पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक समाप्त होने के उपरांत सभी कार्यकर्ताओं ने नगीना के मुख्य बाजार में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों तथा आम जनमानस से मुलाकात कर उन्हें जलाभिषेक यात्रा में शामिल होने का भावभीना न्योता (निमंत्रण) दिया। कार्यकर्ताओं ने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पवित्र यात्रा का हिस्सा बनें। इस अवसर पर मुख्य रूप से सतपाल सैनी, ओमकार, नितिन, ऋतिक, अनिल जैन, प्यारेलाल, शंकरलाल, मनोज सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में यात्रा को ऐतिहासिक व शांतिपूर्ण तरीके से सफल बनाने का संकल्प लिया।