अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी ने संपत्ति कर बकायेदारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केशवपुरम जोन में दो वाणिज्यिक संपत्तियों को सील कर दिया। इन संपत्तियों पर करीब 1.33 करोड़ रुपये से अधिक का संपत्ति कर बकाया था। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई पश्चिम विहार और जीटी करनाल इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित संपत्तियों के खिलाफ की गई है। एमसीडी का कहना है कि संबंधित संपत्ति मालिकों को कई बार नोटिस और अवसर दिए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने बकाया संपत्ति कर का भुगतान नहीं किया। इसके चलते निगम को मजबूरन डीएमसी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करनी पड़ी और दोनों संपत्तियों को सील कर दिया गया।