रोहिणी और चांदनी चौक में अधिकारियों को दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी ने राजधानी को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में आयुक्त संजीव खिरवार ने रोहिणी क्षेत्र का दौरा कर स्वच्छता, धूल नियंत्रण और विकास कार्यों की समीक्षा की, जबकि नेता सदन जयभगवान यादव ने चांदनी चौक वार्ड में निरीक्षण कर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।रोहिणी क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान आयुक्त संजीव खिरवार ने कंझावला लिंक रोड, अवंतिका मार्केट, प्रशांत विहार का जायजा लिया। उन्होंने सड़कों की गहन सफाई, धूल नियंत्रण, ढलाव घरों के बेहतर प्रबंधन तथा कचरा निस्तारण व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। वहीं नेता सदन जयभगवान यादव ने चांदनी चौक, दिल्ली गेट, फतेहपुरी और बाग दीवार क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को फुटपाथों पर कब्जे, अवैध चार्जिंग प्वाइंट, लटकते बिजली तार और जर्जर ढांचों को हटाने के लिए संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए।