एमसीडी चुनाव में कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ काम करने वाले बागी कार्यकर्ताओं को पार्टी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) की अनुशासनात्मक कमेटी के चेयरमैन डॉ. नरेंद्र नाथ की अध्यक्षता में बुधवार को कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बागियों को नोटिस का जवाब देने के लिए 24 घंटे का वक्त दिया गया है। जवाब नहीं देने वालों पर पार्टी की तरफ से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चेयरमैन डॉ. नरेंद्र नाथ ने बताया कि कांग्रेस पार्टी उम्मीदवारों के खिलाफ बागी के तौर पर चुनाव लड़ने वाले सभी कार्यकर्ताओं से पार्टी ने जवाब मांगा है। तयशुदा वक्त पर जवाब नहीं मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. नरेंद्र नाथ ने बागी कार्यकर्ताओं की सूची जारी करते हुए बताया कि वार्ड नंबर (29) पूठ खुर्द से मेमवती बरवाला, राम नगर (वार्ड-80) से प्रेम चौधरी, कोंडली (193) से पूर्व निगम पार्षद राजीव वर्मा, कबीर नगर (वार्ड- 234) से इकरामुल हसन, जबकि मुस्तफाबाद (243) से पूर्व निगम पार्षद प्रवीण कांग्रेस प्रत्याशियों के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरे हैं।