अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी के आयुक्त संजीव खिरवार ने मंगलवार को ओखला लैंडफिल साइट का दौरा कर बायो-रिमेडिएशन और अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रॉमल मशीन के संचालन का जायजा लिया। आयुक्त ने निर्माण एवं विध्वंस कचरे के प्रसंस्करण संयंत्र, ओखला इंजीनियर्ड सैनिटरी लैंडफिल और कंपोस्ट प्लांट का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर संबंधित अधिकारियों ने आयुक्त को बायो-माइनिंग गतिविधियों की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी। इस दौरान मध्य क्षेत्र के उपायुक्त शाश्वत सौरभ, प्रमुख अभियंता पीसी मीणा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।