अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी ने अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर हिंदू राव अस्पताल में समारोह आयोजित किया। इस दौरान मुख्य अतिथि स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने नर्सिंग समुदाय की सेवा भावना, समर्पण और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान की सराहना की। शर्मा ने नर्सिंग अधिकारियों की लंबित मांगों को लेकर भी सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पदोन्नति, स्टाफ की कमी और अन्य प्रशासनिक मामलों के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुमन मेहंदीरत्ता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नर्सिंग स्टाफ की कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना की सराहना की। समारोह के दौरान नर्सिंग अधिकारियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।