अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में बढ़ते प्रदूषण और सड़कों पर उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए एमसीडी ने नई मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों को बेड़े में शामिल किया है। इन मशीनों के जरिए राजधानी की प्रमुख सड़कों की वैज्ञानिक तरीके से सफाई की जाएगी। एमसीडी मुख्यालय सिविक सेंटर से महापौर प्रवेश वाही ने इन ट्रक-माउंटेड मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। महापौर ने कहा कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत इन मशीनों का उपयोग विशेष रूप से 60 फीट या उससे अधिक चौड़ी सड़कों पर किया जाएगा। प्रत्येक मशीन की लागत करीब 58.69 लाख रुपये है और इनकी गुणवत्ता जांच आईआईटी दिल्ली ने की है। इस मौके पर उपमहापौर मोनिका पंत, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, नेता सदन जय भगवान यादव, आईवीपी नेता मुकेश गोयल और एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।