दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। एनसीआर में भी बारिश का माहौल है। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो चुकी है। मौसम विभाग ने सवेरे ही हल्की बारिश का अनुमान व्यक्त किया था। क्षेत्रीय मौसम विभाग ने सवेरे साढ़े चार बजे के आसपास बताया था कि बवाना, बुराड़ी, कंझावला, रोहिणी, बादिली, मॉडल टाउन, करावल नगर, आजादपुर, पीतमपुरा, दिल्ली विश्वविद्यालय, सिविल लाइंस, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, पंजाबी बाग, के कई स्थानों और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश होगी। कश्मीरी गेट, सीलमपुर, शहादरा, विवेक विहार, राजौरी गार्डन, पटेल नगर, लाल किला, प्रीत विहार, बुद्ध जयंती पार्क, राष्ट्रपति भवन, राजीव चौक, आईटीओ, दिल्ली कैंट, इंडिया गेट, अक्षरधाम, सफदरजंग, लोदी रोड और नेहरू स्टेडियम के आसपास अगले 2 घंटों के दौरान हल्की बारिश होगी।
राजधानी में बीते कुछ दिनों से चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली हुई है। कुछ इलाकों में हो रही बारिश के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने दिल्ली में एक सप्ताह तक हल्की बारिश व बूंदाबांदी होने के संकेत दिए हैं। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं 25 जून के बाद तापमान में भी गिरावट होगी और अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच जाएगा। मौसम विभाग ने 22 से 24 जून तक बूंदाबांदी होने व 25 से 27 जून तक हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम का यह मिजाज चक्रवाती तूफान बिपरजॉय व पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण देखा जा रहा है।
बुधवार को दिल्ली के कुछ इलाकों में सुबह के समय बारिश हुई। मुंगेशपुर में 28 मिमी व नजफगढ़ में 23 मिमी, जाफरपुर में 06.0 मिमी, व पीतमपुरा में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 37.6 व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।