फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Update: दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, कल भी बरसेंगी राहत की बूंदें; 10 जुलाई तक जारी रहेगा दौर

Tue, 04 Jul 2023 10:52 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

मंगलवार को सर्वाधिक तापमान जाफरपुर में 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा। डीयू में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री दर्ज हुआ। हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का यह दौर 10 जुलाई तक जारी रहने के आसार हैं। 
विज्ञापन
दिल्ली में बुधवार को बारिश के आसार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी में मंगलवार को मौसम के बदले मिजाज से उमस भरी गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली। दिन में अंधेरा छाने व धूल भरी आंधी के साथ आयानगर, पालम, सफदरजंग, मायापुरी, राजौरी गार्डन व गुरुग्राम आदि इलाकों में बारिश हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया। बुधवार को भी बारिश की संभावना है।

विज्ञापन

मौसम विभाग के अनुसार, आयानगर में शाम साढ़े पांच बजे तक 24.2, पालम में 013.6, सफदरजंग में 000.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश गुरुग्राम में 39.2 मिमी दर्ज हुई। अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 29.6 दर्ज किया गया। 

सर्वाधिक तापमान जाफरपुर में 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा। डीयू में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री दर्ज हुआ। हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का यह दौर 10 जुलाई तक जारी रहने के आसार हैं। 

इस दौरान अधिकतम तापमान 33 व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक रहने की संभावना है। अभी दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान व पंजाब में मानसून की स्थिति कमजोर है जबकि देश के अन्य इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है।

गुरुग्राम में बारिश से जगह-जगह जलभराव, बिजली आपूर्ति ठप
सावन माह के पहले ही दिन मंगलवार की दोपहर बाद हुई बारिश के बाद गुरुग्राम में जगह-जगह जलभराव की समस्या पैदा हो गई। जल भराव में कुछ लोगों ने नाव भी चलाई। जो शहर में चर्चा का विषय बना रहा। इसके साथ ही कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। जिसके कारण बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट के संचालन में परेशानी हुई। जिस समय बारिश हुई वह बच्चों के स्कूल की छुट्टी का भी समय था। बारिश में भीगते हुए अभिभावक अपने बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे।

बारिश रुकने के बाद उमस के कारण बहुत परेशानी हुई। सेक्टर-14 स्थित एचएसवीपी कार्यालय में पानी भर गया, जिसे पंप से बाहर निकाला गया। शहर के अन्य इलाके और पुराने शहर में भी पानी भर गया। बारिश के चलते सेक्टर-21, सेक्टर-22, हीरो होंडा चौक,सुभाष चौक, राजीव चौक, एंबियंस मॉल के पास, व्यापार केंद्र रोड, सेक्टर-15, सेक्टर-43 क्रीक, शीतला माता रोड, बसई रोड पर पानी भर गया। पुराना गुरुग्राम भी जाम और जलभराव की चपेट में रहा। पुराने गुरुग्राम के सेक्टर-10, न्यू कॉलोनी, सेक्टर-4, सेक्टर-7, सेक्टर-9, रेलवे रोड भी जबरदस्त जलभराव की चपेट में रहा। लोगों ने ड्रेनेज व्यवस्था पर सवाल उठाए। प्रवीन यादव ने कहा कि नगर निगम और गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) ने यदि बरसाती नालों की समय से सफाई कराई होती तो यह स्थिति नहीं होती। जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष संतोख सिंह ने बताया कि अदालत परिसर में पानी भर गया। यहां पर पानी निकासी के इंतजाम संतोष जनक नहीं हैं।

सेक्टर-22 बी के प्रधान भीम सिंह यादव ने बताया कि यहां पर सड़कों पर पानी के चलते छोटी गाड़ियां बंद हो रही थीं। सीवर की लाइन यहां पर पिछले सात दिन से बंद है। कई बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं किया है। सेक्टर-46 के राज कुमार यादव ने बताया कि पानी की निकासी के लिए बनाए गए ड्रेन में ही पानी भरा रहा।

जिले के कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ डॉ. मंजीत ने पांच जुलाई से नौ जुलाई तक के मौसम का अनुमान व्यक्त करते हुए कहा है कि आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
विज्ञापन

दूसरी ओर बारिश के बाद कुछ जगहों पर लोकल फाल्ट के चलते बिजली आपूर्ति बंद रही। सेक्टर-15, सेक्टर-22, सेक्टर-37, शिवाजी नगर, राजेंद्र नगर, सिविल लाइन खांडसा रोड, न्यू रेलवे रोड, धर्मपुरी आदि इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उमस भरी गर्मी से लोगों ने परेशान होकर अधिकारियों को फोन करना चाहा तो उन्होंने फोन तक उठाने बंद कर दिए। सिविल लाइंस की एसडीओ सुमन कश्यप को कई बार लोगों ने फोन मिलाया, मगर हर बार उन्होंने फोन काट दिया। इसके साथ ही एक्सईएन ने भी लोगों के फोन उठाने बंद कर दिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें