हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान में अभी मानसून वीक फेज में है। इस कारण से बारिश नहीं हो रही है। मानसून के पहाड़ी इलाकों में पहुंचने के कारण यह स्थिति बन गई है। पहाड़ी इलाकों (उतराखंड) में ही ज्यादा बारिश देखने को मिल रही है। इन दिनों मानसून हिमाचल प्रदेश, उतराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, व पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय है। दिल्ली-एनसीआर में मानसून कमजोर रहने के कारण बारिश की गतिविधियां काफी कम हो गई हैं। हालांकि मानसून सीजन होने के कारण आसमान में बादल हैं। इसलिए धूप व बादलों की लुकाछिपी का खेल चलता रहता है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज में अधिकतम तापमान 33.5, आयानगर में 33.6, डीयू में 33.9, मयूर विहार में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने की संभावना है।