संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हसनपुर थाना क्षेत्र के गांव टप्पा के पास यमुना नदी में डूबने से राजमिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान टीकमगढ़ मध्य प्रदेश के गांव सतगुंवा निवासी हरदास कुशवाहा के रूप में हुई है। वह पलवल में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था और अकेला रहता था। उसके भाई ब्रजकिशोर कुशवाहा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हरदास कुशवाहा गांव टप्पा के पास यमुना नदी में गिरकर डूब गया है। सूचना मिलने के बाद परिजन पलवल पहुंचे। उन्होंने बताया कि फिलहाल उन्हें किसी व्यक्ति पर कोई शक या संदेह नहीं है। जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।