नई दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने बृहस्पतिवार को मौजपुर मार्केट में दुकानदारों और उपभोक्ताओं को मोदी सरकारी की ओर से जीएसटी दरों में की गई कटौती के फायदे बताए। इसके बाद उन्होंने नगर निगम के सफाई कर्मियों के साथ सेवा पखवाड़े के तहत सांकेतिक स्वच्छता श्रमदान किया। इस अवसर पर मनोज तिवारी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिन पर उनकी विचारधारा अंत्योदय को याद करते हुए पीएम मोदी के नेतृत्व में किए जा रहे विकास कार्यों का महत्व समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि जीएसटी में कटौती से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े नागरिकों को राहत मिली है और करोड़ों भारतीय इसके लाभ से लाभान्वित होंगे। सासंद ने कहा कि स्वच्छता समाज की समृद्धि और स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है और सभी नागरिकों को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्वच्छता अभियान में भाग लेना चाहिए। इस अवसर पर निगम उपायुक्त अभिषेक मिश्रा, जिला अध्यक्ष डॉ. यूके चौधरी, जोन अध्यक्ष पुनीत शर्मा, पार्षद अनिल गौड, भाजपा नेता आनंद त्रिवेदी और मंडल अध्यक्ष मनोज धामा सहित अन्य उपस्थित थे। ब्यूरो