मृत युवक की पहचान जेजे कालोनी सेक्टर 25 रोहिणी निवासी अमित (24) के रूप में हुई। वह रोहिणी सेक्टर 24 में अपनी बड़ी बहन और बहनोई अनिल के कंपनी क्रिएटिव कांसेप्ट डिजाइन में काम करता था। कंपनी प्रदर्शनियों में लगने वाले स्टॉल की डिजाइनिंग का ठेके लेती है। पीड़ित लड़की सहित चार महिलाएं कंपनी में काम करती थीं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर पुलिस को सेक्टर 24 में एक युवती को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल युवती को पास के अस्पताल में लेकर गए हैं। वहीं उस पर हमला करने वाले अमित ने कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। पुलिस उसे भी उतार कर पास के अस्पताल में ले गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि काम करने के दौरान अमित मुस्कान से मिलता था। वह कई बार मुस्कान से दोस्ती करने और उसे शादी का प्रस्ताव दिया। लेकिन मुस्कान ने मना कर दिया। शुक्रवार दोपहर अमित, मुस्कान और तीन अन्य युवतियां कार्यालय में मौजूद थीं। अमित ने मुस्कान से दोस्ती करने के लिए कहा। उसके मना करने पर वह रसोई में चला गया और वहां से चाकू लेकर आया। उसने युवती के गले पर चाकू से हमला कर दिया। वहां मौजूद युवतियों ने अमित को पकड़ लिया। जबकि मुस्कान वहां से भागकर भूतल पर पहुंच गई। अमित ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। जबकि लोगों ने मुस्कान के गले पर कपड़ा बांधकर उसे पास के अस्पताल ले गए।
बाद में लोगों ने अमित को दरवाजा खोलने के लिए कहा। अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया। अमित कमरे में फंदा से लटका हुआ था। पुलिस ने बताया कि मुस्कान को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं अमित के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस बाबत हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।