नई दिल्ली। हरि नगर थाना पुलिस ने एटीएम कार्ड बदल कर पैसे निकालने वाले एक जालसाज को पकड़ा है। आरोपी की पहचान सुल्तानपुरी निवासी कृष्ण उर्फ ऋषि के रूप में हुई है। पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त शरद भास्कर ने बताया कि एक अगस्त को दर्ज कराई शिकायत में एक युवक ने बताया कि वह डीबी ब्लॉक स्थित एक एटीएम से पैसे निकालने गया था। वहां पर दो लड़कों ने मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदल लिए। अगले दिन उसके खाते से 90 हजार रुपये कट गए। सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान कृष्ण और उसके रिश्तेदार अमरनाथ के रूप में हुई। पुलिस ने सोमवार को कृष्ण को पकड़ लिया। अमरनाथ को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। ब्यूरो