नई दिल्ली। स्वरूप नगर इलाके में जीटी रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने एक दंपती को निशाना बनाकर उनकी कार से लाखों रुपये की नकदी और सोने के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर स्वरूप नगर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। चंडीगढ़ निवासी नितिन नागपाल ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली में अपनी बहन की शादी में आ रहे थे। आरोप है कि बदमाशों ने किसी बहाने से दंपती का ध्यान भटकाया और कार से कीमती सामान निकालकर फरार हो गए। कार से करीब सात तोला सोना और ढाई लाख रुपये नकद गायब मिले। बाहरी उत्तरी उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। संवाद