दिल्ली का सत्ता संग्राम आखिरी दौर में हैं। दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट पर मुकाबला दिल्ली देहात के दो सूरमाओं के बीच है। भाजपा के रामबीर सिंह बिधूड़ी और आप के सहीराम वोटर को लुभाने के लिए अपनी चालें चल रहे हैं। माध्यम दोनों ने विकास को बनाया है। बिधूड़ी केंद्र सरकार की योजनाओं के रथ पर सवार हैं तो सहीराम दिल्ली सरकार के। दिलचस्प यह कि दोनों प्रत्याशी अभी विधायक हैं। रामवीर सिंह बिधूड़ी वर्तमान में दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष है। शहरी गांव, अनधिकृत कॉलोनियां, झुग्गी-झोपड़ियां, पुनर्वास कॉलोनियां के साथ दिल्ली-हरियाणा के सीमावर्ती इलाके ग्रामीण हैं। तभी इस सीट का मिजाज शहरी भी है, ग्रामीण भी। चुनावी व्यस्तता के बीच भाजपा और आप के प्रत्याशियों से अमर उजाला के संवाददाता राकेश शर्मा और नितिन राजपूत ने विशेष बातचीत की। पेश हैं अंश...
कैंपेन आखिरी दौर में हैं, आप खुद को कहां देखते हैं?
कैंपेन आखिरी दौर में हैं, खुद को कहा देखते हैं?
इंडिया गठबंधन का प्रचार चरम पर हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल से बाहर आने के बाद इसमें और गति आ गई हैं। हर कोई मुख्यमंत्री को जेल में भेजने से गुस्सा है और इसका जवाब जनता वोट से देगी। दिल्ली का हर नागरिक आप के साथ है। ऐसे में कोई चुनौती ही दिखाई नहीं देती।
भाजपा को कितनी बड़ी चुनौती मानते हैं?
पूरे देश में इस बार इंडिया गठबंधन का जोर हैं। भाजपा दिल्ली की सातों सीट हार रही है। भाजपा के पास बताने के लिए कोई काम ही नहीं है। यहीं कारण है कि उनके बड़े नेता मां-बेटी का मंगलसूत्र छीन लिए जाने जैसी बातें कर रही हैं। देश में कानून- व्यवस्था को बनाए रखने की जिम्मेदारी भाजपा के हाथ में हैं, लेकिन वो विफल साबित हो रही है। यहीं कारण है वोट मांगने के लिए मुद्दों से भटका कर इधर-उधर की बात कर रहे हैं।
आपके क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या क्या है, इसे कैसे दूर करेंगे।
लोकसभा क्षेत्र में तीन बड़ी समस्या बड़ा अस्पताल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और स्कूल के लिए जमीन न होना है। चुनाव जीतने के बाद मेरी प्राथमिकता होगी डीडीए से इनके लिए जमीन लेकर बनवाना। अभी इलाज के लिए दक्षिणी दिल्ली के लोगों को दूसरे क्षेत्र में जाना पड़ता है। जगह न होने के कारण दिल्ली सरकार स्कूल नहीं बना पा रही है। इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए भी सुविधा नहीं है।
मालीवाल प्रकरण को आप कैसे देखते हैं।
स्वाति मालीवाल का मामला छोटी-मोटी बात हैं। इस मसले पर पार्टी अपने स्तर पर काम कर रही है। पार्टी सभी पहलुओं पर चर्चा करने के बाद विचार करेगी। मुझे उम्मीद है कि यह मामला जल्द ही सुलझ जाएगा।
भाजपा आरोप लगाती है कि आप सरकार ने दिल्ली के लिए कुछ नहीं किया?
दिल्ली सरकार ने महिला के लिए मुफ्त बस सफर, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, तीर्थ यात्रा सहित दूसरी सुविधा दी। भाजपा के किसी भी राज्य में ऐसी सुविधा नहीं है। एक समय था जब पुल प्रहलादपुर में पानी भर जाता था, लेकिन आप सरकार के काम के कारण पिछले चार साल से पानी नहीं भर रहा। प्रधानमंत्री ने दावा किया था कि अनधिकृत कॉलोनियों में पक्की रजिस्ट्री होगी। क्षेत्र में 70 कॉलोनी है, कोई सुविधा नहीं मिली। एलजी के कहने पर दिल्ली जल बोर्ड में दिक्कत पैदा कर पानी की समस्या खड़ी कर दी। टैंकर सुविधा भी बाधित कर दी।