-शहीद भगत सिंह कॉलेज ने जारी किया नोटिस, कम उपस्थिति पर हो सकती है ग्रेडेड डिटेंशन की कार्रवाई
-सभी छात्रों को निर्धारित टाइम टेबल के अनुसार नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने का दिया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में यदि एनसीसी या एक्सट्रा करिकुलर एक्टिविटी(ईसीए) की गतिविधियों में व्यस्त रहते हैं, तो अपनी उपस्थिति पर ध्यान देना होगा। दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह कॉलेज ने छात्रों की उपस्थिति को लेकर सख्त नोटिस जारी किया है। कॉलेज ने साफ किया है कि परीक्षाओं में बैठने के लिए तय उपस्थिति 66.67 फीसदी से कम होने पर ग्रेडेड डिटेंशन पर कार्रवाई हो सकती है। उपस्थिति से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले छात्रों को नियमानुसार कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। वहीं निर्धारित उपस्थिति पूरी नहीं होने पर छात्रों को परीक्षा में बैठने से रोका जा सकता है। कॉलेज ने नोटिस में कहा है कि सभी छात्रों को कॉलेज द्वारा निर्धारित टाइम टेबल के अनुसार नियमित रूप से कक्षाओं में शामिल होना होगा। यदि किसी छात्र की उपस्थिति 66.67 प्रतिशत से कम पाई जाती है, तो कॉलेज का सक्षम प्राधिकारी संबंधित नियमों के तहत उसे वार्षिक परीक्षा में बैठने के लिए अयोग्य घोषित कर सकता है। वहीं एनसीसी और ईसीए और कॉलेज की विभिन्न सोसाइटी की गतिविधियों में हिस्सा लेने के कारण छात्र नियमित कक्षाओं से अनुपस्थित रहते हैं। ऐसे छात्रों के लिए भी कॉलेज ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं। कॉलेज ने सभी छात्रों को सलाह दी है कि वे अपनी अटेंडेंस नियमित रूप से चेक करें और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कक्षाओं में उपस्थित रहें। केवल कॉलेज की गतिविधियों में भाग लेना न्यूनतम उपस्थिति की शर्त को पूरा करने का विकल्प नहीं है।