-आपातकाल में जेल जाने वालों के लिए सम्मान निधि, ताम्र पत्र और कैशलेस इलाज की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आपातकाल के दौरान जेल जाने वाले लोगों को सरकारी सम्मान और सुविधाएं देने की मांग को लेकर लोकतंत्र सेनानी संघ 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर दिल्ली में राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगा। सम्मेलन का विषय 'संविधान की हत्यारी कांग्रेस' रखा गया है। इसमें देशभर से आपातकाल के दौरान संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। संगठन ने केंद्र और दिल्ली सरकार से लोकतंत्र सेनानियों को मासिक सम्मान निधि, ताम्र पत्र और कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की मांग उठाई है। बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों ने सम्मेलन की जानकारी दी। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री और संघ के राष्ट्रीय सह-संरक्षक अश्विनी कुमार चौबे ने वीडियो संदेश के जरिए कहा कि 1975 में लगाए गए आपातकाल के दौरान कांग्रेस सरकार ने संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया था। उस समय लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाने वाले हजारों लोगों को जेल में बंद किया गया और उन्हें यातनाएं सहनी पड़ीं। वहीं, संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक ओपी बब्बर ने अपने जेल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि आपातकाल के दौरान सत्याग्रहियों के साथ जेलों में अमानवीय व्यवहार किया गया।