38 किलोग्राम भार वर्ग में हासिल किया पहला स्थान, दिल्ली के कुश्ती जगत में खुशी का माहौल
नई दिल्ली। दिल्ली के पहलवान लोकित ने अंडर-14 स्कूल नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। नरेला स्थित वीरेंद्र अकादमी और गुरु महाबली सतपाल अखाड़े में अभ्यास करने वाले लोकित ने 38 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र के पुणे जिले के लोनावला स्थित सिंहगढ़ पब्लिक स्कूल परिसर में 22 अक्तूबर 2026 को आयोजित प्रतियोगिता में लोकित ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मूल रूप से ताजपुर गांव के रहने वाले लोकित ने नियमित अभ्यास, कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता से दिल्ली के कुश्ती जगत और प्रशिक्षण केंद्र में खुशी का माहौल है। अकादमी के कोचिंग स्टाफ और प्रशिक्षकों ने लोकित को इस उपलब्धि पर बधाई दी। प्रशिक्षकों को उम्मीद है कि लोकित भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर दिल्ली का नाम रोशन करेंगे। संवाद