दिल्ली का सत्ता संग्राम सोशल मीडिया पर भी लड़ा जा रहा है। इसमें टक्कर कन्हैया कुमार और बांसुरी स्वराज में है। कभी कन्हैया तो कभी बांसुरी आगे होती हैं। दोनों के सोशल मीडिया हैंडल पर प्रचार के वीडियो लाखों लोग देख रहे हैं।
बांसुरी स्वराज के इंस्टाग्राम पर सात अप्रैल को अपलोड की गई रील को 36 लाख से अधिक लोग देख चुके हैं। ‘विकसित भारत का संकल्प’ शीर्षक के साथ अपलोड किए गए इस वीडियो को 1.37 लाख लाइक मिले हैं। इसके अलावा एक अप्रैल को ‘पांच वर्ष की उम्र में अपनी मां से सीखे शिव तांडव के सोलह श्लोक’ शीर्षक से अपलोड वीडियो को भी 27 लाख लोग देख चुके हैं और 1.33 लाख लाइक मिले हैं। सवा लाख से अधिक फॉलोअर्स वाला अकाउंट रोजाना इंटरव्यू, प्रचार की रील आदि से औसत पचास से सत्तर हजार व्यू बटोर रहा है।
इधर, रविवार को कन्हैया कुमार के अकाउंट से ‘दम है कितना दमन में तेरे, देख लिया है देख लेंगे’ शीर्षक के साथ एक रील जारी की गई, जिसने 24 घंटों में 15 लाख से अधिक लोगों ने देखा और सवा लाख लाइक मिले। अभी इस रील पर 21 लाख से अधिक व्यू और डेढ़ लाख से अधिक लाइक हैं। इसके अलावा पांच मई को न्याय का आरंभ टाइटल के साथ अपलोड की गई रील को भी समर्थकों की ओर से खासा प्यार मिल रहा है। दस दिनों में 24 लाख व्यू और 3.70 लाख से अधिक लाइक के साथ यह वीडियो उनके अकाउंट का दूसरा सबसे अधिक बार देखा जाने वाला वीडियो बन चुका है।
कमलजीत, कुलदीप, मनोज, उदित के औसत 20 हजार व्यू
कन्हैया और बांसुरी के बाद मनोज तिवारी (पूर्वी दिल्ली सीट), कमलजीत सहरावत (पश्चिमी दिल्ली सीट) और कुलदीप कुमार (पूर्वी दिल्ली सीट) को भी लोगों से खासा प्यार मिल रहा है। हालांकि, इंस्टाग्राम पर इनकी पहुंच कन्हैया और बांसुरी जितनी नहीं है, लेकिन अपनी पार्टी की ओर से टिकट मिलने के बाद से इनके भी कई वीडियो वायरल हुए हैं। लाखों प्रशंसकों ने देखा है और हजारों लाइक मिले हैं। अभी इन्हें हर वीडियो पर औसतन 20 हजार व्यू मिल रहे हैं।
मशहूर वीडियो को इंस्टाग्राम पर मिले व्यू
- बांसुरी स्वराज 36 लाख 7 अप्रैल
- कन्हैया कुमार 24 लाख 5 मई
- मनोज तिवारी 12 लाख 25 अप्रैल
- कुलदीप कुमार 3.5 लाख 27 अप्रैल
- कमलजीत सहरावत 2.2 लाख 27 अप्रैल
- उदित राज 2 लाख 5 मई
- प्रवीण खंडेलवाल 1.6 लाख 8 मई
- सोमनाथ भारती 2 लाख 4 मई
- सहीराम पहलवान 51 हजार 13 अप्रैल
- हर्ष मलहोत्रा 29 हजार 9 मई
- रामवीर सिंह बिधूड़ी 18 हजार 13 मई
- महाबल मिश्रा 12 हजार 12 मई
- योगेंद्र चंदोलिया 3 हजार 11 मई