शिकायत करने पर आबकारी विभाग के संबंधित अफसरों ने पुलिस लाइन में जगह नहीं होने का हवाला दिया और मार्च, 2023 के बाद दुकान का नवीनीकरण नहीं करने का आश्वासन दिया, लेकिन लाइसेंस का नवीनीकरण कर दिया गया।
गौतमबुद्ध नगर जिले में सूरज पुलिस लाइन के पास लाइसेंस जारी होने बावजूद देसी शराब की दुकान तीन किमी दूर इकोटेक-तीन थाने के पास एक साल से चल रही है। लोगों को आरोप है कि शिकायत करने के बाद विभाग ने कार्रवाई नहीं की, बल्कि दुकान के लाइसेंस का नवीनीकरण भी कर दिया। मामला संज्ञान में आने पर नए जिला आबकारी अधिकारी ने जांच शुरू की है।
विज्ञापन
आबकारी विभाग की जिले में 530 शराब की दुकानें हैं। इनमें अंग्रेजी, देशी, बीयर, मॉडल शॉप और भांग की दुकान शामिल हैं। हर साल विभाग दुकानों का लाइसेंस जारी करता है। पुलिस लाइन के पास भी देशी शराब की दुकान का लाइसेंस जारी किया है। आरोप है कि यह दुकान पुलिस लाइन के पास नहीं बल्कि इकोटेक तीन थाने से 300 मीटर दूर डेरीन गांव में चल रही है।
शिकायत करने पर आबकारी विभाग के संबंधित अफसरों ने पुलिस लाइन में जगह नहीं होने का हवाला दिया और मार्च, 2023 के बाद दुकान का नवीनीकरण नहीं करने का आश्वासन दिया, लेकिन लाइसेंस का नवीनीकरण कर दिया गया, साथ ही दुकान को वापस पुलिस लाइन नहीं भेजा गया। दुकान अब भी डेरीन गांव में चल रही है। जहां आए दिन विवाद होते रहते हैं। अब एक बार फिर शिकायत की गई है।
विज्ञापन
संबंधित आबकारी निरीक्षक को जांच सौंप दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अगर दुकान गलत जगह पर चल रही है तो उसको बंद कराया जाएगा। साथ ही दोषियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। - सुबोध कुमार श्रीवास्तव, जिला आबकारी अधिकारी