नई दिल्ली। दिल्ली में गायक दिलजीत दोसांझ के 30 अक्तूबर को प्रस्तावित शो की अनुमति नहीं मिली। इस पर भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आप नेताओं पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शो की अनुमति को किसान आंदोलन से जोड़ना पूरी तरह गलत है। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम को अनुमति देने से इन्कार किया है। मल्होत्रा ने आप के उन दावों को निराधार बताया कि अनुमति किसान आंदोलन के समर्थन के कारण रोकी गई। उन्होंने बताया कि किसान आंदोलन के बाद भी दिलजीत दोसांझ ने कार्यक्रम किए हैं। मल्होत्रा ने कहा कि त्योहारों के मौसम में जनसुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने अनुमति रोकी हो सकती है। उन्होंने आप पर पुलिस पर दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। ब्यूरो