मेट्रो स्टेशनों के साथ अन्य जगहों पर होंगी सेवाएं
दिल्ली मेट्रो स्टेशनों के साथ सार्वजनिक परिवहन के अन्य परिसरों पर बेहतर सुविधा देने के लिए आयुक्त परिवहन को योजना बनाने का काम सौंपा गया है। आयुक्त मेट्रो स्टेशनों के साथ अन्य जगहों पर भी बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में काम करेंगे, जिससे सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बेहतर हो।
एलजी ने जताई नाराजगी
सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए यूटीटीआईपीईसी की हालिया बैठक में यह बात सामने आई कि मेट्रो स्टेशनों के लिए शोध के बाद तैयार योजनाओं को सही से लागू करने की दिशा में काम किया जा रहा है, लेकिन मेट्रो के अलावा अन्य हितधारक एजेंसियां सही से काम नहीं कर रहीं। उनकी प्रभावशीलता सीमित होने के कारण सेवाएं प्रभावी नहीं बन पा रहीं। इस पर एलजी ने नाराजगी जाहिर की। बैठक में तीस हजारी, रिठाला और सीलमपुर मेट्रो स्टेशनों के लिए एमएमआई योजनाओं पर चर्चा के बाद इन्हें मंजूरी दी गई। वहीं इस साल मार्च में हुई बैठक में यूटीटीआईपीईसी ने शादीपुर, मयूर विहार और पीरागढ़ी मेट्रो स्टेशनों के लिए एमएमआई योजनाओं को मंजूरी दी।
मिलेगी बेहतर सुविधाएं
दिल्ली के विभिन्न इलाकों में प्रमुख सार्वजनिक परिवहन केंद्र के रूप में विकसित होने वाले विभिन्न मेट्रो स्टेशनों के मल्टी मॉडल इंटीग्रेशन योजनाओं में इंटरकनेक्टेड स्ट्रीट नेटवर्क, स्ट्रीट डिजाइन, सिग्नलयुक्त और ग्रेड से अलग सड़क क्रॉसिंग, मॉडल इंटरचेंज और पार्किंग की सुविधा विकसित हो रही है। लास्ट माइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए साइकिल, बस, ऑटो रिक्शा और कैब व अन्य की सुविधा भी विकसित की जा रही है। इसके अलावा सड़क पर पार्किंग, सार्वजनिक शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, हॉकर जोन, साइनेज और सड़क मानचित्र और सार्वजनिक परिवहन को भी बेहतर बनाया जा रहा है।