उपराज्यपाल वीके सक्सेना, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया
- फोटो : अमर उजाला
पर्यावरण एवं वन मंत्री गोपाल राय ने बृहस्पतिवार को वन विभाग के अधिकारियों के साथ दिल्ली सचिवालय में वन महोत्सव को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान दिल्ली में 11 जुलाई से शुरू हुए वन महोत्सव को लेकर चर्चा की गई।
गोपाल राय के मुताबिक, आगामी 24 जुलाई को वन महोत्सव का समापन होगा। दिल्ली के उपराज्यपाल एवं मुख्यमंत्री समापन समारोह में शामिल होंगे। इस दिन असोला भाटी माइंस में एक लाख से अधिक पौधे लगाकर समारोह का समापान किया जाएगा। राय ने कहा कि सरकार द्वारा उठाए गए तमाम उपायों के परिणामस्वरूप दिल्ली के अंदर हरित क्षेत्र में इजाफा देखा गया है। दिल्ली में जहां साल 2013 में हरित क्षेत्र 20 फीसदी था, वह दिल्ली सरकार के प्रयासों के कारण साल 2021 में बढ़कर 23.06 फीसदी हो गया है। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए ग्रीष्मकालीन कार्य योजना के 14 बिंदुओं में शामिल पौधरोपण महाअभियान को गति देने के लिए 11 जुलाई से वन महोत्सव की शुरुआत मध्य रिज से की गई है।
इस साल वन महोत्सव में लगभग 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। मंत्री ने कहा कि दिल्ली के ग्रीन बेल्ट को बढ़ाने और दिल्ली के प्रदूषण को कम करने के लिए हर साल पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस साल पौधरोपण महाअभियान के तहत 35 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसे सभी संबंधित 19 विभागों की हरित एजेंसी द्वारा पूरा किया जाएगा। गोपाल राय ने दिल्ली के लोगो से वन महोत्सव में शामिल होकर कम-से-कम एक पौधा लगाने की अपील की है।