-कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर मामला दर्ज, 70 सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
-आरोपी के कब्जे से पैसे बरामद, पुलिस अन्य मामलों में संलिप्तता के बारे में कर रही है पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कश्मीरी गेट मेट्रो थाना पुलिस ने चलती ट्रेन में एक दुकानदार से 1.90 लाख रुपये की चोरी करने वाले एक बदमाश सोनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस करीब 70 से 75 सीसीटीवी कैमरे की जांच कर आरोपी की पहचान करने के बाद उसे प्रेम नगर किराड़ी से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पुलिस ने 1.90 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। पुलिस अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता के बारे में जानकारी हासिल कर रही है। मेट्रो पुलिस उपायुक्त डॉक्टर आनंद डाभी ने बताया कि 18 अगस्त को कश्मीरी गेट मेट्रो थाने में 1.90 लाख रुपये चोरी होने की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। पीड़ित ने बताया कि वह समयपुर बादली इलाके में रहता है और उसकी चांदनी चौक में इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है। वह बैग में पैसे लेकर समयपुर बादली से चांदनी चौक आ रहा था।