संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
शहर थाना पुलिस ने सेक्टर-2 अगवानपुर स्थित एक कंपनी में हुई करीब पांच लाख रुपये की हाईटेक डाइयों की चोरी का पर्दाफाश करते हुए कंपनी के चौकीदार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा डाइयां, नकदी और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि 3 जुलाई को मैसर्स गिम्स टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड से 16 कीमती डाइयां चोरी होने की शिकायत मिली थी। सीसीटीवी फुटेज और जांच में कंपनी का चौकीदार गौरव चौहान ही वारदात का मास्टरमाइंड निकला। उसने कैमरे बंद कर अपने साथियों की मदद से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने गौरव चौहान के साथ कबाड़ी फारूख खान और मोहम्मद आबिद को भी गिरफ्तार कर चोरी का माल और नकदी बरामद कर ली। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।