बुगरासी कस्बे के मोहल्ला कंकड़वाला से दिनदहाड़े अज्ञात बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक नौ साल की बच्ची का अपहरण कर लिया। मुंह दबाते हुए अज्ञात अपहरणकर्ता बच्ची को बहुत तेजी से स्याना की तरफ ले जाने लगे। रास्ते में मोबाइल में फोटो से बच्ची के मिलान के बाद अपहरणकर्ताओं को गलती का अहसास हुआ और बच्ची को रास्ते में छोड़ फरार हो गए। पीड़ित पिता ने घटना की तहरीर दी है। वहीं, अधिकारी वारदात को फर्जी बता रहे हैं।
मोहल्ला कंकड़ वाला निवासी वसीम अंसारी ने बताया कि उनकी नौ वर्षीय बेटी जारा शुक्रवार तकरीबन चार बजे मोहल्ले में ही खेल रही थी। खेलते वक्त तीन बाइक सवार अपहरणकर्ता आए और जारा का मुंह भींच कर बाइक पर बैठाकर तेजी से स्याना की तरफ फरार हो गए। जब जारा घर नहीं पहुंची तो परिजन खोजबीन में जुट गए।
काफी देर होने पर अचानक वसीम अंसारी के फोन पर किसौला के पास लगे एक गन्ना तौल केंद्र से फोन आया। वसीम ने बताया कि फोन पर जारा बोल रही। वसीम का कहना है कि जारा ने बताया कि बाइक सवार तीन लोग उसे खेलते वक्त उठा ले गए। रास्ते में फोन आया था। फोन पर अपहरणकर्ताओं ने बच्ची का चेहरा देखा और मोबाइल में देखने लगे। वे गलत बच्ची को उठाने की बात कर रहे थे। बाइक रोक किसौला के पास अपहरणकर्ता बच्ची को छोड़कर फरार हो गए। फोन पर बात होने के बाद परिजन तत्काल बच्ची को ले आए और घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगालने में लगी है।
बच्ची को सकुशल घर लाने के बाद परिजनों ने भी मोहल्ले में लगे सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए। बाइक तेज स्पीड में ले जाई जा रही थी। बच्ची को बीच में बैठाया हुआ सीसीटीवी में नजर आ रहा है। बाइक पर तीन लोग हैं। हालांकि, चेहरे साफ नहीं दिखाई दे रहे।
जिस प्रकार बच्ची से परिजनों की बात के बाद किसी अन्य बच्ची के स्थान जारा के अपहरण की बात सामने आई है, इससे अभी खतरा बना हुआ है। जिस बच्ची को उठाने की फिराक में अपहरणकर्ता आए थे, उससे प्रतीत होता है कि जल्द ही किसी अन्य बच्चे को उठाने की घटना घट सकती है। फिलहाल लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित हैं।
सीओ स्याना दिलीप सिंह ने बताया कि बच्ची का अपहरण नहीं हुआ है। अगर अपहरण होता तो बच्ची को आरोपी ले जाते। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्ची घर से खेलने के लिए निकली थी, लेकिन खेलते समय काफी देर हो गई।