परिचित युवक पर पति ने जताया शक
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर थाना क्षेत्र में करीब तीन सप्ताह से लापता महिला और उसके पांच वर्षीय बेटे के मामले में पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। तकीपुर मोहल्ला निवासी शिवलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 जून को मजदूरी कर घर लौटने पर उसकी 26 वर्षीय पत्नी शिवानी और पांच वर्षीय बेटा दिव्यांश घर पर नहीं मिले। काफी तलाश के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं लगा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कौराली निवासी जितेंद्र, जो पहले उनके घर आता-जाता था, उसकी पत्नी और बेटे को अपने साथ ले गया है। उसने अनहोनी की आशंका जताते हुए दोनों को सुरक्षित बरामद करने की मांग की। मामले में देरी से शिकायत देने की वजह बताते हुए पीड़ित ने कहा कि वह लगातार अपने स्तर पर तलाश करता रहा। शहर थाना प्रभारी नरेंद्र राणा ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि शिवानी और उसके बेटे की तलाश जारी है।