मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को आवास पर पार्टी विधायकों के साथ बैठक की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मेरे जेल जाने के बाद पार्टी और मजबूत हुई है। सभी विधायकों ने शानदार काम किया। दिल्ली के लोगों को बिजली, पानी, दवाई मिलने में कोई दिक्कत नहीं हुई बैठक के दौरान सांसद संजय सिंह सहित सभी विधायकों ने संकल्प लेते हुए कहा कि हम सब एक परिवार हैं। हम न टूटेंगे-न झुकेंगे। अब कई गुना ज्यादा ऊर्जा के साथ काम करेंगे।
दोबारा जेल जाने पर मुफ्त बिजली-पानी रोक देगी भाजपा : केजरीवाल
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने रविवार को नई दिल्ली व पश्चिम दिल्ली क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनके दोबारा जेल चले जाने पर भाजपा मुफ्त बिजली-पानी रोक देगी और सरकारी स्कूल-अस्पताल खराब कर देगी, लेकिन आप को वोट देने पर उन्हें जेल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं, पंजाब से मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि इस बार गठबंधन की सरकार आ रही है। इसमें सबसे बड़ा योगदान आप का होगा। सरकार बनते ही सबसे पहले हम दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देंगे।
केजरीवाल ने कहा कि वे जेल भेजे जाने के कारणों व कसूर के बारे में सोच रहे है। दरअसल, उनका कसूर यह है कि उन्होंने स्कूल बना दिए, जनता के इलाज का इंतजाम कर दिया और लोगों के लिए 24 घंटे मुफ्त बिजली का इंतजाम किया, लेकिन जब वे तिहाड़ गए तो 15 दिन तक इंसुलिन नहीं दी गई। भाजपा वाले देश से आरक्षण खत्म करने, संविधान बदलने और चुनाव बंद कराने के लिए 400 सीटें मांग रही है। मेरा जीवन देश के लिए समर्पित है। जमानत के 20 दिनों में 24 घंटे काम करेंगे। पूरे देश में जाकर लोगों से झोली फैलाकर कहूंगा कि तानाशाही खत्म करो, नहीं तो ये तानाशाही देश को ले डूबेगी। भाजपा सांसदों ने पांच साल में कोई कार्य नहीं किया। वे लोगों के फोन भी नहीं उठाते।
सीएम के पास उपलब्धियां बताने के लिए कुछ भी नहीं : पुरी
अमर कॉलोनी में रविवार को आयोजित व्यापारी सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जमानत पर जेल से बाहर आए केजरीवाल के पास अपनी पार्टी के बारे में कहने के लिए कुछ नहीं है। वे सिर्फ दूसरी पार्टियों की बात कर रहे हैं, क्योंकि उनके पास अपने व सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताने के लिए कुछ नहीं है, जबकि केंद्र की मोदी सरकार उपलब्धियों को आधार बनाकर चुनाव लड़ रही है और केजरीवाल भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने के लिए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में जब शराब घोटाला हुआ, तो विजय नायर मंत्री सौरभ और आतिशी को रिपोर्ट करता था, उसे जज ने साफ तौर पर कहा कि आपने घूस मांगी और उन पैसों का इस्तेमाल गोवा चुनाव में किया। मोहल्ला क्लीनिक को क्रांति बताने वाले केजरीवाल जवाब दें कि कोरोना काल में कितने लोगों को वैक्सीन मोहल्ला क्लीनिक में दिलवाई। सिर्फ बातों से लोगों को सीएम गुमराह कर रहे हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि भाजपा हमेशा ही व्यापारियों की समस्याओं के समाधान करने के लिए आगे रहती है और जब भी व्यापारियों को किसी भी प्रकार की समस्या आई है, उन्हें सहायता मिली है।
केजरीवाल बिना किसी साख के भ्रष्टाचारी यूटर्न वाले नेता : सूर्या
भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने रविवार को चांदनी चौक से भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो किया। आजादपुर के प्राचीन शिव मंदिर शुरू हुए रोड शो में सैकड़ों लोग शामिल हुए। इस मौके पर सूर्या ने कहा कि देश के युवा प्रधानमंत्री के विकास की राजनीति को समझते हैं और ये जान गए हैं कि देश की एकता और उन्नति उन्हीं के नेतृत्व में संभव है। केजरीवाल बिना किसी साख के भ्रष्टाचारी यूटर्न वाले नेता हैं। दिल्ली की जनता का विश्वास पूरी तरह से उनसे उठ गया है। उधर, प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष ऋचा पांडे मिश्रा की अध्यक्षता में करोल बाग, महरौली, केशवपुरम समेत कई जिलों में कार्यक्रम हुए। इसमें राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अल्का गुर्जर, राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन, राज्यसभा संसद डॉक्टर कल्पना सैनी मौजूद रहीं। वक्ताओं ने कहा कि देश की महिलाओं ने तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है।