आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी (आप) नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन को 30 मई को प्रवर्तन निदेशालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया था। सत्येंद्र जैन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में मुकदमा दर्ज है।
इससे पहले, अप्रैल महीने में प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम, 2002 के तहत जैन के परिवार और कंपनियों की 4.81 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां कुर्क की थीं। इसमें अकिंचन डेवेलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, इंडो मेटल इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड और अन्य कंपनियों की संपत्तियां शामिल थीं।
जैन पर कथित आरोप हैं कि उन्होंने दिल्ली में कई शेल कंपनियों को लॉन्च किया या खरीदा था। उन्होंने कोलकाता के तीन हवाला ऑपरेटरों की 54 शेल कंपनियों के माध्यम से 16.39 करोड़ रुपये के काले धन को भी सफेद किया था। जैन के पास प्रयास, इंडो और अकिंचन नाम की कंपनियों में बड़ी संख्या में शेयर थे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 2015 में केजरीवाल सरकार में मंत्री बनने के बाद जैन के सभी शेयर उनकी पत्नी के नाम कर दिए गए थे। मामला सामने आने पर गिरफ्तारी के बाद जब ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के कागजात दिखाकर जैन से सवाल पूछे तो उन्होंने कोरोना के कारण याददाश्त चले जाने का दावा कर दिया था।
कट्टर बेईमान ठग जेल में मसाज करा रहा है: गौरव भाटिया
तिहाड़ जेल के अंदर आप नेता सत्येंद्र जैन के मसाज कराते वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने केजरीवाल सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आप स्पा, मसाज पार्टी बन चुकी है। ये बदनाम और दाग पार्टी है। कट्टर बेईमान ठग जेल में मसाज करा रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि सत्येंद्र जैन जेल में हैं, लेकिन वह फिर भी दिल्ली सरकार में मंत्री हैं, उन्हें मंत्री पद से क्यों नहीं हटाया गया है। केजरीवाल अब तक चुप क्यों हैं।
'आप' की प्रतिक्रिया आई सामने
आज बीजेपी घटिया राजनीति पर उतर आई है। किसी की बीमारी का मजाक बना रही है। क्रूरता से मजाक बनाने की हद तक बीजेपी उतर आई है। देश में कोई भी बीमार हो सकता है। देश के प्रधानमंत्री भी बीमार हो सकते हैं। इस तरह की घटिया हरकत करना सही नहीं है। इलाज के वीडियो जारी करने की घटिया हरकत बीजेपी ही कर सकती है। प्रधानमंत्री से लेकर जेल में बंद कोई भी व्यक्ति बीमार हो सकता है। सत्येंद्र जैन 6 महीने से जेल में बंद हैं। उन्हें गिरने से चोट लगी है। उनकी रीढ़ की हड्डी में एल-5 एस-1 डिस्क में चोट है। उनकी नर्व पिंच हो गई है। अस्पताल में दो सर्जरी भी हुई है। नर्व ब्लॉक डाले गए हैं। साथ में डॉक्टर ने फिजियोथैरेपी के लिए कहा है। रेग्यूलर फिजियोथैरेपी की जरूरत है। किसी आदमी को चोट लगी है, डॉक्टर इलाज करते हैं, तो रेग्यूलर फिजियोथैरेपी करते हैं, तो उसका मजाक बनाने से शर्म नहीं आती है।
सिसोदिया ने कहा कि भाजपा इलाज के वीडियो जारी कर मजाक बना रही है। एमसीडी और गुजरात में चुनाव हार रही है बीजेपी। इससे बुरी सोच नहीं हो सकती। घटियापन की कल्पना कोई नहीं कर सकता। सारी ताकत और सारे पदों का दुरुपयोग कर जेल में डालते हैं। ये कोई लग्जरी है क्या? किसी भी बीमार आदमी को जरूरत पड़ सकती है।कानून में जेल में बंद आदमी को इलाज दिया जाएगा। किसी भी जेल का सीसीटीवी फुटेज निकलवा लीजिए, वहां भी मरीज को इसी तरह की थैरेपी दी जा रही होगी। कोर्ट ने ईडी को निर्देश दिया था कि ये वीडियो रिलीज नहीं किया जाए। फिर भी कोर्ट के आदेश का उल्लंघन किया। इस पर अलग से कार्रवाई करेंगे।