जागृति मिश्रा मामले में सीएम रेखा का एक्शन
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक जूनियर इंजीनियर को निलंबित करने का आदेश दिया है। यह आदेश बाहरी दिल्ली में एक निर्माणाधीन पशु आश्रय को गिराए जाने के बाद आया। यह पशु आश्रय पशु कल्याण कार्यकर्ता जागृति मिश्रा का था। मुख्यमंत्री ने जूनियर इंजीनियर विकास कुमार गुप्ता के निलंबन का निर्देश दिया।
जागृति मिश्रा से सीएम ने की थी मुलाकात
कंझावला के निजामपुर गांव में पशु कल्याण कार्यकर्ता जागृति मिश्रा के परिसर में तोड़फोड़ की घटना के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बीते रविवार को मौके पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षा और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
सीएम से मुलाकात के बाद निर्देश
मुख्यमंत्री ने जागृति मिश्रा से पूछा कि क्या वह घटना के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराना चाहती हैं। उनके सहमति जताने पर मुख्यमंत्री ने पुलिस उपायुक्त को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और महिला की सुरक्षा के बंदोबस्त करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि उत्पीड़न और अधिकारों के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी। मौके पर मौजूद अधिकारियों को महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले में आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
सीएम ने मुख्यमंत्री राहत कोष से की मदद
जागृति मिश्रा की ओर से पशुओं के लिए आश्रय स्थल स्थापित करने के प्रयासों में भी सरकार सहायता करेगी। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को आश्रय स्थल की स्थापना में हरसंभव सहयोग देने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। दौरे में मुख्यमंत्री ने गांव के स्थानीय लोगों से भी बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिलाधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।