नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) प्रशासन ने वेतन भुगतान के संबंध में 31 जुलाई को जारी सर्कुलर को वापस ले लिया है। सोमवार काे विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी ने जारी नए सर्कुलर में स्पष्ट किया गया कि विश्वविद्यालय को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से अनुदान प्राप्त होते ही एक अगस्त को सभी कर्मचारियों के वेतन का तत्काल भुगतान कर दिया गया था। इसमें किसी प्रकार की देरी नहीं हुई। सर्कुलर में कहा गया है कि 31 जुलाई को वेतन अनुभाग द्वारा जारी पूर्व आदेश अब निरस्त माना जाएगा। दरअसल, अमूमन विश्वविद्यालय के कर्मचारियों का भुगतान महीने के आखिर में हो जाता था। लेकिन इस बार देरी की आशंका के चलते भुगतान के देर से होने की सूचना जारी की गई थी। ब्यूरो